पटना , दिसंबर 29 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार खेल गांव और खेल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा रही है, जिसके बाद बिहार राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का सबसे पसंदीदा ठिकाना बन रहा है।

श्री चौधरी ने आज साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैम्पियनशिप समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार खेल के क्षेत्र में लगातार क्राति कर रहा है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वालीए राजग सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।उन्होंने कहा कि सरकार खेल गांव और खेल कॉम्प्लेक्स का निर्माण करवा रही है। जिसके बाद बिहार राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का सबसे पसंदीदा ठिकाना बन रहा है।

श्री चौधरी ने कहा बिहार की जमीन भारतीय खेलों के लिए भी शुभ साबित हो रही है यहां हुए सभी विश्वस्तरीय आयोजनों में भारतीय टीम खिताब अपने नाम करती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बॉल बैडमिंटन चैम्पियनशिप को विकसित करने और इसके विश्वस्तरीय आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग देगी।

बिहार में लगातार खेल के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। और विश्वस्तरीय स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजग सरकार का लक्ष्य प्रत्येक खेल के लिए अलग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार करना है। अब तक 16 प्रकार के खेलों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि बॉल बैडमिंटन चैम्पियनशिप के लिए उपयुक्त और आधुनिक स्थान विकसित किया जाएगा।

श्री चौधरी ने बताया कि हाल के वर्षों में बिहार में हॉकी, सेपक टकरा, जूनियर महिला हॉकी विश्वकप और रग्बी चैंपियनशिप जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन सफलता पूर्वक आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा खेलो इंडिया गेम्स का आयोजन भी बिहार में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें पटना, भागलपुर, बेगूसराय, नालंदा (राजगीर) और गया जिलों में 70 से अधिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। उन्होंने साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों और विजेता टीम को बधाई दी और भविष्य में इसके आयोजन में सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित