चंडीगढ़ , दिसंबर 16 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने मंगलवार को मौजूदा सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरते हुए कहा है कि पंजाब वासियों को रंगला पंजाब का सपना दिखाने वाली आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार खिलाड़ियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है।

श्री खन्ना ने पंजाब के मोहाली में कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार पिछले करीब चार वर्षों के दौरान खिलाड़ियों को सुरक्षा देने में विफल रही है।उन्होंने कहा कि साल 2022 में नकोदर में संदीप नंगल अंबियां, इस साल के दौरान अक्टूबर में जगरांव में तेजपाल सिंह, नवंबर में लुधियाना में गुरविंदर सिंह और अब दिसंबर में मोहाली में राणा बलाचौरिया की हत्या से खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों में भारी रोष पाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कबड्डी व कुश्ती पंजाब की खुशहाली का प्रतीक रहे हैं लेकिन पिछले तीन वर्षों से न तो खिलाड़ी सुरक्षित हैं और न ही खेल प्रेमी सुरक्षित हैं।

श्री खन्ना ने कहा कि मोहाली में राणा बलाचौरिया की हत्या के दौरान सैकड़ों की संख्या में खेल प्रेमियों की भीड़ मौजूद थी। हमलावर भीड़ में आम जनता को भी निशाना बना सकते थे। इतने बड़े आयोजन में कम पुलिस बल की तैनाती सरकार की बड़ी असफलता है। पंजाब में आए दिन हो रही घटनाओं से खेल प्रेमियों में भारी रोष पाया जा रहा है। पंजाब सरकार सार्वजनिक मंच के माध्यम से खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों की सुरक्षा को यकीनी बनाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित