बस्तर , मार्च 27 -- आदिवासी खिलाड़ियों को समर्पित राष्ट्रीय आयोजन खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स के तहत केरल की एथलेटिक्स टीम 27 मार्च को जगदलपुर पहुंची, जहां रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक लोकनृत्य और आत्मीय अभिनंदन के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इस आयोजन की मेजबानी कर रहा छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने आदिवासी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

जानकारी के अनुसार, बस्तर संभागीय मुख्यालय जगदलपुर के धरमपुरा स्थित क्रीड़ा परिसर में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 30 मार्च से 2 अप्रैल तक आयोजित होंगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए केरल से 17 सदस्यीय दल किरंदुल पैसेंजर ट्रेन के माध्यम से यहां पहुंचा। खिलाड़ियों के आगमन के साथ ही शहर में खेल महाकुंभ का उत्साह दिखाई देने लगा है।

रेलवे स्टेशन पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टीम का स्वागत किया। इस दौरान बस्तर के पारंपरिक गौर नृत्य दल ने अपनी विशिष्ट वेशभूषा और ढोल की थाप पर प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। रंग-बिरंगे परिधानों और ऊर्जावान नृत्य ने खिलाड़ियों को आकर्षित किया और लंबी यात्रा के बाद उनकी थकान को कम कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित