रायपुर , मार्च 29 -- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के तहत महिला वर्ग की 86 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में महाराष्ट्र की साक्षी बंडू बुरकुले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के खेल मैदान में किया गया, जहां खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
साक्षी बुरकुले ने स्नैच में 68 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 82 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 150 किलोग्राम के साथ पहला स्थान हासिल किया। पूरे मुकाबले में उनका प्रदर्शन सबसे मजबूत रहा।
छत्तीसगढ़ की रिशिका कश्यप ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 121 किलोग्राम (स्नैच 55 किलोग्राम, क्लीन एंड जर्क 71 किलोग्राम) वजन उठाकर रजत पदक जीता। वहीं असम की बिटुपुना देओरी ने 118 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
अन्य प्रतिभागियों में असम की लिंडा 114 किलोग्राम के साथ चौथे स्थान पर रहीं, जबकि त्रिपुरा की सुमी मोग (77 किलोग्राम) और आंध्र प्रदेश की जेसी रानी (61 किलोग्राम) क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित