सरगुजा, मार्च 29 -- खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के पांचवें दिन अंबिकापुर में आयोजित कुश्ती और भारोत्तोलन स्पर्धाओं में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कुश्ती में झारखंड और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, जबकि मिजोरम के वेटलिफ्टर्स ने भी दो स्वर्ण के साथ अपने अभियान का समापन किया। जम्मू-कश्मीर ने भी कुश्ती में एक स्वर्ण और एक रजत जीतकर प्रतियोगिता में अपना खाता खोला।
कुश्ती प्रतियोगिता में झारखंड की पूनम ओरांव ने महिला 50 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में तेलंगाना की गीता को 6-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद अंजित कुमार मुंडा ने पुरुष 67 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में गुजरात के वासवा मुकेश भाई को टेक्निकल सुपीरियरिटी से हराकर झारखंड को दूसरा स्वर्ण दिलाया। हिमाचल प्रदेश के नविश कुमार ने पुरुष 97 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में और प्रियंका चौधरी ने महिला 62 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को दोहरी सफलता दिलाई।
मिजोरम के खिलाड़ियों ने भारोत्तोलन में शानदार प्रदर्शन करते हुए जोसांगजुआली ने महिला 86 किलोग्राम वर्ग में और डेविड जोह्मिंगमाविया ने पुरुष 110 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। इन उपलब्धियों के साथ मिजोरम कुल चार स्वर्ण पदकों के साथ पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया।
पदक तालिका में कर्नाटक 15 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य के साथ शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। ओडिशा 9 स्वर्ण, 4 रजत और 10 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि अरुणाचल प्रदेश 5 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। मेजबान छत्तीसगढ़ को भारोत्तोलन में ऋषिका कश्यप (रजत) और लकी बाबू मरकाम (कांस्य) से दो पदक मिले, जिससे वह नौवें स्थान पर पहुंच गया।
भारोत्तोलन में अरुणाचल प्रदेश के साम्बो लापुंग ने पुरुष 110 किलोग्राम वर्ग में कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। मिजोरम के डेविड लाल जावमडिका ने 270 किलोग्राम के साथ रजत और छत्तीसगढ़ के लकी बाबू मरकाम ने 261 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक हासिल किया। महिला वर्ग में महाराष्ट्र की साक्षी बुरकुले ने 86 किलोग्राम वर्ग में 150 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जो रजत विजेता ऋषिका कश्यप से 29 किलोग्राम अधिक रहा।
कुश्ती में जम्मू-कश्मीर के मुनीर हुसैन ने पुरुष 74 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में महाराष्ट्र के विक्रम पवार को 11-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं शामा हून को 97 किलोग्राम ग्रीको-रोमन वर्ग में हिमाचल प्रदेश के नविश कुमार के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
अन्य मुकाबलों में महाराष्ट्र के विनोद सालकर ने पुरुष 125 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी टीम को मजबूती दी। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है और आगामी दिनों में पदक तालिका में बदलाव की संभावना बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित