लखनऊ , जनवरी 11 -- राष्ट्रीय युवा दिवस पर युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को अभ्युदय यूथ क्लब के तत्वावधान में लखनऊ में 'समरस मैराथन' का सफल आयोजन किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कुड़ियाघाट (ग्रीन कॉरिडोर रोड), घंटाघर, लखनऊ में 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि "खेलेगा भारत, खिलेगा भारत" ही समरस मैराथन का मूल मंत्र है और ऐसे आयोजन युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और एकजुट समाज की दिशा में प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में स्नातक क्षेत्र से एमएलसी अवनीश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके साथ ही आईटीबीपी के जवानों की मौजूदगी ने आयोजन को और प्रेरणादायी बना दिया। स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित इस मैराथन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पुरुष व महिला धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना व अनुशासन का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
बालक वर्ग में रवि कुमार पाल ने 15 मिनट 32 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस्लाम अली 16 मिनट 02 सेकंड के साथ दूसरे और राजेश सिंह 16 मिनट 09 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में शशिलता ने 18 मिनट 40 सेकंड में दूरी पूरी कर प्रथम पुरस्कार जीता। वर्षा सिंह 20 मिनट 10 सेकंड के साथ दूसरे तथा सृष्टि सिंह 20 मिनट 30 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को क्रमशः 10 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया। साथ ही 7 धावकों को 500-500 रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। महिला वर्ग में भी इसी प्रकार कुल 10 पुरस्कार दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित