बड़वानी , दिसम्बर 26 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के पलसूद थाना क्षेत्र में खेत में फेंकी गई नवजात की नाबालिग मां और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति का पता चल गया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पलसूद के थाना प्रभारी सुखलाल भँवर ने बताया कि 17 दिसंबर को एक खेत में नवजात बच्ची मिली थी। इस मामले में पुलिस ने उसकी नाबालिग मां का पता लगा लिया है। उन्होंने बताया कि 17 वर्षीय मां ने बताया कि मजदूरी करने के दौरान उसका परिचय 27 वर्षीय अनिल उर्फ डोलू से हो गया था, जिसने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसने बताया कि गर्भ के काफी दिन के होने के बाद उसे इसका पता चला। इस बीच अनिल ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और मिलना जुलना बंद कर दिया।
पीड़िता ने बताया कि घर में मां की मदद से डिलीवरी की गई और नवजात को खेत में फेंक दिया गया था। नाबालिग की मां यह नहीं चाहती थी कि उसकी अविवाहित पुत्री का अवैध संबंधों के चलते संतान पैदा होना किसी को पता चले। उसने पुलिस को बताया कि ऐसा होने पर उसकी शादी होने में दिक्कत जाती।
पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अनिल को गिरफ्तार कर कल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अनिल पूर्व से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। नाबालिग के गर्भवती होने पर उसे अपने परिवार के टूटने का खतरा सामने आया और उसने शादी से मना कर दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित