भीलवाड़ा , फरवरी 02 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर से मात्र आठ किलोमीटर दूर आटूण गांव में किसान के खेत में एक तेंदुए के पदचिह्न मिलने से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है।

ग्रामीण और किसान अपने खेतों में जाने से सहमे हुए नजर आ रहे हैं। साेमवार को सुबह बाईपास के निकट किसान हीरालाल चौधरी अपने खेत पर पशुओं के लिए रिजका लेने गये थे। इसी दौरान खेत में तेंदुए के पदचिह्न् दिखाई दिये। पदचिह्न देखकर वह घबरा गये और तुरंत लोगों को इसकी जानकारी दी।

हीरालाल चौधरी ने बताया कि उनके चार-पांच भाइयों के खेत एक साथ हैं, जहां दिनभर महिलाएं खेती का कार्य करती हैं और पशु भी पूरे दिन खेत में ही रहते हैं। तेंदुए के पदचिह्न मिलने के बाद खेतों में काम करने वाली महिलाएं काफी डरी हुई हैं और अकेले खेत पर जाने से कतराने लगी हैं। किसानों का कहना है कि किसी भी समय तेंदुए के हमले की आशंका बनी हुई है, जिससे पूरे गांव में चिंता और दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों और किसानों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाए, ताकि किसान और उनके परिजन किसी भी संभावित हादसे से सुरक्षित रह सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित