श्रीगंगानगर , मार्च 29 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में चूनावढ थाना क्षेत्र में पुलिस ने खेत में छुपाकर रखे हथियारों को बरामद करके एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने रविवार को बताया कि चक 6-एच छोटी डबवाली में खुशपिंदरसिंह जटसिख (24) को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से तीन अवैध पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए। उसे तीन पिस्तौलें, मैगजीनें बरामद की हैं। तीन जीवित कारतूस और तीन खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिनमें से कुछ 7.65 मिमी के होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में खुशपिंदरसिंह ने बताया कि ये हथियार उसके दोस्त जगमीतसिंह निवासी चक 11-जी के हैं। जगमीतसिंह करीब तीन वर्ष से एक हत्या के मामले में फरार है और फिलहाल विदेश में कहीं छुपा हुआ है। उसने फोन पर बताया था कि उसने चक 6-एच के पास खेत में सिंचाई के पानी के खाले के पास तीन पिस्तौलें और कुछ कारतूस छुपा रखे हैं। उसने खुशपिंदरसिंह से कहा था कि वह इन हथियारों को अपने पास सुरक्षित रख ले।
खुशपिंदर सिंह ने हथियारों को बताए गए स्थान से निकालकर अपने पास रख लिया था। आज वह इन हथियारों को कहीं और छुपाने के लिए ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित