जयपुर , जनवरी 22 -- राजस्थान के कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार खेती-किसानी को उन्नत एवं समृद्ध बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और इसके लिए किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के साथ आगामी दिनों में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम) का आयोजन कर काश्तकार एवं पशुपालकों को आधुनिक तकनीक से रूबरू कराया जाएगा।
डॉ. मीणा गुरुवार को यहां जिला परिषद सभागार में ग्राम उत्थान शिविर शुभारंभ एवं किसान सम्मान निधि की पांचवीं किश्त सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ हस्तांतरण के जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि किसान को नवीन एवं उन्नत तकनीक की जानकारी मिले। वह उसका फायदा उठाएं और प्रदेश कृषि के क्षेत्र में आगे बढ़े। इसके लिए गांव से लेकर राज्य स्तर पर 'ग्राम' का महत्वपूर्ण आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 जनवरी से हर गिरदावर सर्किल पर शिविर लगाकर किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की योजनाओं के बारे में जागरूक कर लाभान्वित किया जाएगा।
उन्होंने गत दिनों सवाई माधोपुर में आयोजित अमरूद महोत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि पंच गौरव कार्यक्रम के तहत आयोजित इस महोत्सव में अमरूद उत्पादक काश्तकारों को अमरूदों की विभिन्न वैरायटियों, उनकी पैकेजिंग एवं प्रोसेसिंग तथा आधुनिक तकनीकों से रूबरू कराया गया ताकि वह अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि राजीविका के माध्यम से महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराकर उनके उत्पादों की मार्केटिंग एवं प्रोमोशन में मदद की जा रही है।
उन्होंने किसान कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार बैलों से खेती को बढ़ावा देने के लिए अनुदान दे रही है। इसी प्रकार ड्रिप, स्प्रिंकलर, सोलर पंप एवं कृषि उपकरणों पर अनुदान, पशुओं का निःशुल्क बीमा, किसान सम्मान निधि, समर्थन मूल्य पर खरीद, दुग्ध उत्पाद सम्बल योजना एवं कृषि आदानों पर अनुदान सहित विभिन्न लाभ दे रही है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों से इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेकर प्रदेश का कृषि क्षेत्र में समृद्ध करने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित