बैतूल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के खेड़ीरामोसी गांव में जमीन सीमांकन को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए इसे निजी और पारिवारिक मामला बताया है।
मगरदे के अनुसार उनके परिजनों द्वारा खरीदी गई जमीन का सीमांकन प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत कराया जा रहा था, जिसके दौरान पुलिस बल भी मौजूद था। इसी बीच कुछ लोगों द्वारा अचानक हमला कर दिया गया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह इस मामले को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दे रही है और भोले-भाले आदिवासियों को गुमराह कर रही है। उनका कहना है कि जमीन खरीद के समय विक्रेता गैर-आदिवासी था और पूरी कार्रवाई वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही थी।
वर्तमान में मगरदे भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। भाजपा के अनुसार उनके जबड़े में गंभीर चोट आई है और ऑपरेशन किया गया है, जिसके चलते वे अभी बोलने की स्थिति में नहीं हैं। इस बीच जिला भाजपा प्रवक्ता सूर्या त्रिवेदी ने लिखित बयान जारी कर मगरदे का पक्ष रखा और कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मगरदे की तस्वीरें भी साझा की हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले आदिवासी पक्ष और कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेता और प्रशासन पर मारपीट एवं उत्पीड़न के आरोप लगाए थे तथा दर्ज एफआईआर को निरस्त कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी। मामले के तूल पकड़ने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मुलताई पहुंचे थे और आदिवासी पक्ष के समर्थन में कार्रवाई की मांग की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित