बीकानेर , फरवरी 03 -- राजस्थान में बीकानेर इलाके में खेजड़ी के पेड़ों को बचाने के लिये सख्त कानून बनाने सहित दो सूत्रीय मांगों को लेकर महापड़ाव मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
आज 363 संतों के साथ पर्यावरण प्रेमियों ने अनशन-धरना शुरू कर दिया। लोग आंखों पर पट्टी बांध अनशन-धरने पर बैठे हैं। संतों के साथ कई भक्तों ने भोजन त्यागने का निर्णय लिया है।
संत सच्चिदानंद ने बताया कि साधुओं, संतों और पर्यावरण प्रेमियों के साथ अनशन पर कई भक्तों ने खाना छोडऩे का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि सरकार एक आदेश जारी करे कि खेजड़ी सहित 50 वर्ष पुराना पेड़ किसी भी परियोजना में काटा न जाएं। पेड़ कटता है तो उस स्थान के अधिकारियों को पाबंद किया जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएं। संत सच्चिदानंद ने कहा कि सरकार का जो करार हुआ है, उसे निरस्त किया जाए।
संत श्री ने कहा कि सरकार हर बार आश्वासन दे रही है कि कानून बनाएंगे। जब तक सरकार यह नहीं बताएगी कि कब कानून बनेगा, तब तक अनशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अमृता देवी ने पेड़ों की रक्षा के लिये सिर कटाएं थे। हम कानून न बनाने पर प्राण त्याग देंगे। साधू संतों ने कहा कि हमारा अंतिम लक्ष्य पेड़ बचाना है। संतों ने कहा कि जब तक वृक्ष संरक्षण अधिनियम लागू नहीं हो जाता, तब तक एक पेड़ भी नहीं कटना चाहिए।
सूत्रों ने बताया कि आन्दोलन को समर्थन करने के लिये नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के भी महापड़ाव स्थल पर आने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित