रांची , जनवरी 28 -- झारखंड के खूंटी जिले के चर्चित पड़हा राजा सोमा मुंडा हत्याकांड मं पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए इस मामले में शूटर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 44 वर्षीय दानियल सांगा, 20 वर्षीय सुमित दाल सांड, 20 वर्षीय मार्कुस सांगा, 25 वर्षीय रोशन मिंज, 35 वर्षीय संदीप खलखो और 32 वर्षीय संतोष दाल सांड के रूप में की गई है।

वहीं प्रशासन ने इसे जमीन कारोबार से जुड़ी सुनियोजित साजिश करार दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी तात्कालिक विवाद का परिणाम नहीं थी, बल्कि सीएनटी और गैरमजरुआ जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण रची गई एक सोची-समझी साजिश थी।

खूंटी के पुलिस अधीक्षक प्रवीण टोप्पो ने बताया कि इस मामले में शूटर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले भी आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार सभी आरोपी जमीन कारोबार से जुड़े थे और उनका सोमा मुंडा से आर्थिक लेन-देन और जमीन के विवाद को लेकर टकराव चल रहा था। इसी विवाद में सोमा मुंडा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।

एसपी श्री टोप्पो ने बताया कि साजिश के तहत पहले से हथियारों की व्यवस्था की गई, शूटर तय किए गए और वारदात को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल की भी व्यवस्था की गई थी। 7 जनवरी 2026 को सोमा मुंडा अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से खूंटी जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनका पीछा किया और जमुवादाग तालाब के पास देसी पिस्टल से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

घटना के बाद खूंटी पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त देसी पिस्टल, चार जिंदा गोलियां, दो मोटरसाइकिल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।

एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, यह मामला जमीन कारोबार में बढ़ते आपराधिक हस्तक्षेप और आर्थिक लाभ के लिए की जा रही हिंसक गतिविधियों की गंभीर मिसाल है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि साजिश में शामिल सभी लोगों को कानून के शिकंजे में लाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित