हनुमानगढ़ , जनवरी 27 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी थाना क्षेत्र में एक गौशाला में स्थापित खुली जेल से एक उम्रकैदी फरार हो गया है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि टिब्बी की गायत्री गौशाला में स्थापित खुली जेल से मणाराम उर्फ मणिया गमेती (31) निवासी खारा वाटेरा, थाना रोहिडा, जिला सिरोही 25-26 जनवरी की रात को फरार हो गया। खुली जेल की प्रहरी सुनीता वर्मा द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

सुनीता ने बताया है कि सोमवार सुबह जब खुली जेल के कैदियों की गिनती की गयी, तो उसमें मणाराम नहीं मिला। उसका काफी देर तक इंतजार किया गया। वह संपर्क करने और तलाश करने पर भी नहीं मिला तो बाद में थाने में रिपोर्ट दे दी गयी।

पुलिस के मुताबिक मणाराम को सिरोही जिले में 2018 में हुई हत्या के एक मामले में सिरोही के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय ने वर्ष 2023 में उम्र कैद की सजा सुनायी थी। उसे सजा काटने के लिए उदयपुर जेल भेज दिया गया। उदयपुर जेल से 2024 में हनुमानगढ़ केंद्रीय जेल स्थानांतरित कर दिया गया था। अच्छा आचरण होने के कारण उसे बाकी की सजा काटने के लिए तीन मई, 2024 को टिब्बी की गौशाला खुली जेल में भेजा गया था।

पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित