नैनीताल , मार्च 31 -- त्तराखंड में सरोवर नगरी नैनीताल के निकटवर्ती खुर्पाताल क्षेत्र में झील किनारे हो रहे निर्माण कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री के सचिव और कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने झील की परिधि में बनाए गए होटल और भवनों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खुर्पाताल झील के करीब 30 मीटर दायरे में निर्माण कार्य किए गए हैं, जो नियमों का उल्लंघन है। इस पर आयुक्त ने मौके से ही जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को फटकार लगाई और सहायक अभियंता व अवर अभियंता का वेतन रोकने के साथ ही उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे सभी अवैध निर्माणों के खिलाफ तत्काल चालान की कार्रवाई की जाए और झील से सटी प्राधिकरण की भूमि पर हुए कब्जों को दो दिन के भीतर हटाया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में इस प्रकार की लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित