लखीमपुर खीरी , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में पुलिस ने जीएसटी चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 30 से अधिक फर्जी फर्म बनाकर फर्जी बिल और ई-वे बिल के माध्यम से करोड़ों रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हड़प ली।

सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक सिंह (बाराबंकी), अंकित त्रिवेदी (सीतापुर), धर्मेंद्र (सीतापुर) और राजू (खीरी) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि आरोपी फर्जी फर्म बनाकर बिल बेचते थे, ई-वे बिल तैयार करते थे और इसके आधार पर फर्जी आईटीसी क्लेम कर अवैध लाभ अर्जित करते थे। इस गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिनकी तलाश की जा रही है।

साइबर थाना प्रभारी हेमंत राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आशीष सहरावत और तनवीर अहमद की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित