लखीमपुर खीरी , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बांके गंज में अंबेडकर मूर्ति से जुड़े कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद और हिंसा के मामले में प्रशासन सख्त हो गया है।
जानकारी के अनुसार यह कार्यक्रम बिना किसी आधिकारिक अनुमति के आयोजित किया गया था, जिसके चलते मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और मामला हिंसा तक पहुंच गया।
एसडीएम गोला ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कार्यक्रम के लिए किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई थी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज व कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि हिंसा में शामिल पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने उपद्रव मे शामिल दो पक्षो के तमाम लोगो को गिरफ्तार भी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित