पटना , मार्च 02 -- खाड़ी देशों में युद्ध संकट के मद्देनज़र विदेशों में रह रहे प्रवासी बिहारियों की सुरक्षा और सहायता के लिये बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के सचिव दीपक आनंद ने दिल्ली स्थित बिहार भवन के लिये एक विशेष हेल्पलाइन नंबर- 7217788114 जारी किया है।
हेल्पलाइन जारी करते हुये सचिव श्री आनंद ने कहा है कि बिहार सरकार अपने नागरिकों और कामगारों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मिडिल ईस्ट में मौजूदा तनावपूर्ण हालात को देखते हुये यह व्यवस्था की गई है, जिससे संकट की स्थिति में कोई भी प्रवासी बिहारी खुद को अकेला महसूस न करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रवासी कामगार किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता और अपनी समस्याओं के समाधान के लिये संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग की टीम 24 घंटे हेल्पलाइन की निगरानी कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई करते हुये संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जायेगा। सचिव ने यह भी कहा कि विदेशों में काम कर रहे बिहार के श्रमिकों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं को सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दीपक आनंद ने खाड़ी देशों में कार्यरत प्रवासियों के परिजनों से भी अपील की कि यदि उनका कोई परिवारजन किसी परेशानी में है, तो वे इस हेल्पलाइन का उपयोग करें। बिहार सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में हर जरूरतमंद प्रवासी तक सहायता पहुंचाने के लिये सभी आवश्यक कदम उठाए जायेंगे, जिससे प्रवासी कामगारों और उनके परिवारों का विश्वास मजबूत बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित