नयी दिल्ली , मार्च 17 -- पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट के पहले दिन मेजबान श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, किरोड़ी मल कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज ने जीत हासिल की।
पुरुष वर्ग के मैच में खालसा कॉलेज ने इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आईजीआईपीईएस) को 6-0 से हराया। विजेता टीम के लिए विपिन ने चार गोल किए, जबकि मनीष और तनुज ने एक-एक गोल दागे। मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के विपिन को चुना गया।
श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज के मैदान में उद्घाटन समारोह में खिली धूप में पीएसपीबी के सलाहकार ललित वत्स मुख्य अतिथि थे और दिल्ली यूनिवर्सिटी के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सरिता त्यागी विशिष्ट अतिथि थीं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करके उनका हौसला बढ़ाया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मेहमानों के साथ एसजीटीबी खालसा कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर गुरमोहिंदर सिंह, दिल्ली विश्वविद्यालय खेल परिषद के सहायक निदेशक डॉ. सुशील कुमार और पद्म श्री पुरस्कार विजेता डॉ. रवि चतुर्वेदी ने किया।
किरोड़ी मल कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को 11-2 से हराया। समर सिंह और रोहित डांगी ने चार-चार गोल किए।
मैन ऑफ द मैच समर सिंह को चुना गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित