श्रीनगर , मार्च 03 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कश्मीर घाटी में जारी अशांति के बीच केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति पर विचार-विमर्श किया।

ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की हत्या को लेकर रविवार से ही कश्मीर में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। रविवार को जहां प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे, वहीं सोमवार को झड़पें शुरू हो गयीं। इसमें सुरक्षाकर्मियों सहित लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गये। स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए कश्मीर के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन भी पाबंदियां लागू रहीं।

श्री सिन्हा ने जमीनी स्थिति और तैयारियों के उपायों की समीक्षा के लिए यहां लोक भवन में शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, बैठक में उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, श्रीनगर स्थित 15वीं कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव और उत्तरी कमान के एमजीजीएस मेजर जनरल बलबीर सिंह शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित