पटना , दिसंबर 30 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव राम नरेश पाण्डेय ने मंगलवार को बिहार सरकार से खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाकर किसानों को सस्ते दर पर मुहैया कराने की गारंटी करने की मांग की है।

श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि पूरे बिहार के किसान खाद की कालाबाजारी तथा इसके किल्लत से परेशान और त्रस्त है। उन्होंने कहा कि रब्बी के लिये किसानों को खाद की जरूरत है, लेकिन पूरे बिहार में हाहाकार मचा हुआ है, जो मिल भी रहा है वह किसानों को निर्धारित मूल्य पर नहीं मिल रहा है। 1350 रुपये का डी.ए.पी. 1800 से 1900 रुपये में मिल रहा है। निर्धारित 266 रूपये का यूरिया 300 रूपये से 400 रुपये तक बिक रहा है।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि केन्द्र और राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार है और बिहार में कृषि विभाग भी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास है, इसके बावजूद किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिहार में डीएपी-यूरिया की खपत का जो अनुमानित लक्ष्य केन्द्र को भेजा था उसके अनुरूप केन्द्र से आवंटन नहीं किया जा रहा है। केन्द्र बिहार के लिए लक्ष्य को कम कर दिया है। इसके कारण बिहार में खाद की किल्लत हो रही है, कालाबाजारी बढ़ रही है। उन्होंने बिहार में खाद के कालाबजारी के खिलाफ आन्दोलन चलाने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित