अलवर , अप्रैल 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र में खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की।
इस दौरान व्यापारियों ने अग्रवाल धर्मशाला में बैठक आयोजित करक 11 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक के बाद व्यापारियों ने गोविंदगढ़ मोड़ से रैली निकाली, जो मुख्य मार्गों से होती हुई उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंची। यहां व्यापारियों ने प्रधानमंत्री के नाम रामगढ़ एसडीएम बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। खाद बीज विक्रेता संघ के सचिव राजवीर गुर्जर ने बताया कि व्यापारी पिछले 10 वर्षों से कई गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है।
व्यापारियों की प्रमुख मांगों में उर्वरक कंपनियों द्वारा सब्सिडी वाले खाद के साथ अन्य उत्पादों की जबरन टैगिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग शामिल है। साथ ही खाद की डिलीवरी डीलरों के बिक्री केंद्र तक सुनिश्चित करने की बात कही गई, क्योंकि वर्तमान में रेलहेड से खाद उठाने पर प्रति बैग अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित