भिण्ड , जनवरी 13 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए छापामार कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन के निर्देशन में लहार अनुविभाग क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान एक अवैध रूप से संचालित डेयरी परिसर को सील किया गया, जबकि एक मसाला उद्योग से विभिन्न मसालों के नमूने जांच के लिए लिए गए। कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्राम असवार, तहसील लहार स्थित रामा डेयरी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान विक्रय के लिए संग्रहित दूध तथा परिसर के बाहर खड़े वाहन से दूध के नमूने लिए गए। साथ ही दूध में मिलाए जाने वाले एक सफेद रंग के संदिग्ध पदार्थ का भी नमूना जांच हेतु लिया गया।
इस पदार्थ के संबंध में पूछताछ करने पर विक्रेता संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। विक्रेता ने बताया कि दूध को खराब होने से बचाने और खट्टापन कम करने के लिए कभी-कभी इस पदार्थ को मिलाया जाता है। निरीक्षण के दौरान डेयरी में खाद्य रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं पाया गया। नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी परिसर को शटडाउन कर सील कर दिया।
इसके पश्चात टीम ग्राम आलमपुर स्थित सातिया मसाला उद्योग पहुंची, जहां उद्योग के प्रोपराइटर आशुतोष गुप्ता मौके पर उपस्थित नहीं मिले। वहां विक्रेता बादाम सिंह से धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और मिर्च पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए। यह पूरी कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी, रीना बंसल एवं किरन सेंगर द्वारा की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित