कपूरथला , जनवरी 19 -- पंजाब राज्य खाद्य आयोग के सदस्य विजय दत्त ने सोमवार को कपूरथला जिले के फगवाड़ा-2 ब्लॉक के गांव नंगल माझा में सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों का अचानक निरीक्षण किया।
श्री दत्त ने मिड-डे मील की गुणवत्ता, रसोई की सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और समग्र स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मिड-डे मील कार्यकर्ताओं के नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर जोर दिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किये। उन्होंने बच्चों से खाने की गुणवत्ता के बारे में भी बात की और उनके साथ खाना खाया।
उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी स्कूलों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित रूप से जांच की जाये। निरीक्षण के बाद, उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही के दोषी पाये जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित