सासाराम , अप्रैल 06 -- श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण सह युवा, रोजगार एवं कौशल विकास मंत्री संजय सिंह टाइगर की अध्यक्षता में सोमवार को संबंधित विभागों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा श्रमिकों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में श्रम संसाधन मंत्री ने खाड़ी देशों में फंसे मजदूरों की स्थिति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया तथा उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिये अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण देश में उत्पन्न घरेलू गैस संकट के बीच विभिन्न राज्यों से वापस लौट रहे श्रमिकों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिये कि लौट रहे श्रमिकों को सरकार की ओर से हर संभव विभागीय सहायता सुनिश्चित की जाए।उन्होंने विभाग की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी लेते हुए उन्हें और अधिक प्रभावी बनाने तथा विशेष पहल के माध्यम से जरूरतमंद श्रमिकों तक सहायता पहुंचाने पर बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित