चेन्नई , फरवरी 18 -- बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव क्षेत्र यथावत हैऔर अगले 24 घंटों में इसके श्रीलंका की ओर बढ़ने का अनुमान है ।
मौसम विभाग के मुताबिक कल भूमध्यरेखीय हिंद महासागर और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र आज बुधवार सुबह 08:30 बजे भी उसी क्षेत्र में बना हुआ है। इससे संबद्ध ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है।इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर श्रीलंका की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर अधिक प्रभावी होने की संभावना है। दक्षिण केरल तट से दूर दक्षिण-पूर्व अरब सागर के ऊपर कल मंगलवार का ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण, जो औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर तक फैला था, अब कम प्रभावी हो गया है।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 20 से 23 फरवरी तक तमिलनाडु के तटीय और दक्षिणी जिलों में बारिश के आसार हैं। तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहा। तमिलनाडु के अलग-अलग स्थानों पर न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जबकि शेष हिसों तथा पुड्डुचेरी और कराईकल क्षेत्र में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा गया।
तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए अगले सात दिनों का पूर्वानुमान यह है कि अगले दो दिनों तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। चेन्नई शहर और इसके आसपास के क्षेत्रों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। सुबह के समय धुंध या कोहरा छाए रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित