ढाका, 01अप्रैल (वार्ता) बंगलादेश में खसरे की बढ़ती संक्रमण दर में तेजी और बच्चों की मौतों में लगातार वृद्धि को देखते हुए सरकार रविवार से देशव्यापी आपात टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रही है।
डेढ़ वर्ष से जारी राजनीतिक अस्थिरता के कारण स्वास्थ्य क्षेत्र पर पड़े प्रभाव के बीच वर्तमान प्रशासन अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से टीके की व्यवस्था करने में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, इस आपात अभियान का उद्देश्य देशभर में तेजी से फैल रहे संक्रमण को नियंत्रित करना है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने बताया कि सरकार गावी (वैक्सीन और टीकाकरण के लिए वैश्विक गठबंधन) से 2.19 करोड़ से अधिक खसरा टीकों की खुराक उधार लेगी, जिन्हें बाद में लौटाया जाएगा।
उन्होंने सचिवालय में हुई बैठक के बाद कहा कि अभियान की शुरुआत उच्च जोखिम वाले उपजिलों से की जाएगी और बाद में इसे छह महीने से 10 वर्ष तक के सभी बच्चों तक विस्तारित किया जाएगा। अभियान से जुड़े सभी स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गयी हैं। इस बीच, खसरे के प्रकोप ने देश के स्वास्थ्य ढांचे पर गंभीर दबाव डाला है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में चार और बच्चों की मौत के साथ इस वर्ष अब तक मृतकों की संख्या 44 तक पहुंच गयी है।
सरकारी अधिकारियों ने स्वीकार किया है कि व्यापक मृत्यु पंजीकरण प्रणाली के अभाव में वास्तविक आंकड़ा इससे अधिक हो सकता है। यह प्रकोप ढाका, चटगांव, राजशाही और मयमनसिंह समेत कई क्षेत्रों में फैल चुका है, जहां अस्पतालों पर दबाव बढ़ रहा है। मोहाखाली स्थित संक्रामक रोग अस्पताल सहित कई चिकित्सा संस्थानों में, विशेषकर अपूर्ण या बिना टीकाकरण वाले बच्चों में मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित