महासमुंद , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में हुए भीषण रोपवे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

जानकारी के अनुसार गंभीर रूप से घायल गोविंद स्वामी (47) ने मंगलवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले इस हादसे में शिक्षिका आयुषी धावरे की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।

गौरतलब है कि 22 मार्च की सुबह दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु रोपवे ट्रॉली में सवार थे। इसी दौरान अचानक केबल टूट गई, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद दूसरी ट्रॉली भी स्टेशन से टकरा गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

इस दुर्घटना में कुल 16 श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। नमिता स्वामी और अंशुमिता स्वामी की स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है। उनका इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है।

प्रारंभिक तौर पर यह मामला तकनीकी खामी या लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। प्रशासन द्वारा जांच की बात कही जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित