पिथौरागढ़ , जनवरी 23 -- उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में खराब मौसम और बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार 24 जनवरी को जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। साथ ही पर्यटकों और पर्वतारोहियों को ऊंचाई वाले इलाकों में न जाने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई के अनुसार मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार 24 जनवरी को भी पिथौरागढ़ सहित उत्तराखण्ड राज्य के अन्य जनपदों में वर्षा और बर्फबारी होने की सम्भावना है।
ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कक्षा 01 से कक्षा 12 तक संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों एवं समस्त आंगनबाड़ी केन्द्र अवकाश बंद रहेंगे।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पर्यटकों और पर्वतारोहियों से भी अपील की है कि ऊँचाई वाले इलाकों में जाने से परहेज़ करें तथा जोखिम से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर ठहरें। उन्होंने सभी लोग से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा है।
इसी के साथ ही उन्होंने सभी विभागों एवं आपदा प्रबंधन एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि अवरुद्ध सड़कों को पोकलैंड एवं जेसीबी मशीनों से तत्काल खोला जाए।
उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल-फ्री नंबर 1077 पर कॉल करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित