खरगोन , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव के एक व्यापारी के घर गोलीबारी के दावे और 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है।
कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े "हैरी बॉक्सर" नाम के व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और व्यापारी के घर पर सुरक्षा तैनात कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि दिलीप राठौड़ के पुत्र सत्येंद्र राठौड़ की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी की घटना की पुष्टि हुई है और सुरक्षा के मद्देनजर दिलीप राठौड़ के घर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी ने यह भी बताया कि हाल ही में अशोक नगर में भी इसी तरह की धमकी का मामला सामने आया था, जिससे इन घटनाओं के बीच संभावित कड़ी की जांच की जा रही है।
सत्येंद्र राठौड़ के द्वारा दर्ज कराई गयी एफआईआर के अनुसार, उन्हें और उनके पिता को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा व्हाट्सएप कॉल और वॉइस नोट के माध्यम से धमकियां दी गईं। आरोपियों ने गोलीबारी का वीडियो भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और घर को बम से उड़ाने की धमकी दी। सत्येंद्र ने बताया कि 17 मार्च को उनके पिता के मोबाइल पर वॉइस कॉल आया, जिसमें पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई और कहा गया कि सोमवार रात उनके घर पर गोली चलवाई गई है। इसके बाद फायरिंग के वीडियो और वॉइस नोट व्हाट्सएप पर भेजे गए।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च को भी विदेशी नंबरों से लगातार कॉल आ रहे हैं, जिन्हें उन्होंने और उनके पिता ने रिसीव नहीं किया। सत्येंद्र के मुताबिक, 16 मार्च को उनका परिवार इंदौर गया हुआ था। वीडियो मिलने के बाद जब उन्होंने घर के सीसीटीवी फुटेज देखे तो उसमें तीन नकाबपोश बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर पर फायरिंग करते नजर आए। उनका दावा है कि भेजा गया वीडियो और सीसीटीवी फुटेज एक जैसे हैं। इस घटना की पुष्टि मजदूर शंकर ने भी की है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में हैरी बॉक्सर और आरजू बिश्नोई नाम के लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में दिलीप राठौड़ पर किसानों का शोषण करने और फर्जी आईडी के जरिए पैसे ठगने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही इसे पहली और आखिरी चेतावनी बताते हुए आगे जानलेवा हमले की धमकी भी दी गई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि दिलीप राठौड़ ने कहा कि वह फिलहाल बाहर हैं और इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि उनके परिवार वाले डरे हुए हैं, और उन्हें घर आने के लिए कह रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता भी खंगाली जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित