खरगोन , अप्रैल 25 -- मध्यप्रदेश में लोकायुक्त पुलिस इंदौर की टीम ने कार्रवाई करते हुए खरगोन जिले के झिरन्या ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है।

लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय ने शनिवार को बताया कि झिरनिया के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रभात परमार्थी को 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

अनकवाड़ी निवासी सुभाष बर्डे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी सेवंती बर्डे, जो शासकीय प्राथमिक विद्यालय भेड़िया फलिया में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं, उनका नवंबर 2025 का वेतन अनुमोदन के अभाव में रुका हुआ था। वेतन जारी कराने के बदले आरोपी प्रभात परमार्थी ने 2,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के सत्यापन के बाद पुलिस ने जाल बिछाया। आज आरोपी को उसके ज्योति नगर, खरगोन स्थित निवास पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान सहित आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार और आशीष आर्य की टीम शामिल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित