नयी दिल्ली , जनवरी 20 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को खान अब्दुल गफ्फार खान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हें फ्रंटियर गांधी के नाम से जाना जाता है।
श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए बाचा खान को "शांति का प्रकाशस्तंभ" बताया और कहा कि उनका जीवन और कार्य भारत तथा दक्षिण एशिया भर में लाखों लोगों को लगातार प्रेरित करता रहा है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने देश के स्वतंत्रता संग्राम के महान नेता खान अब्दुल गफ्फार खान को शांति और अहिंसा के आजीवन समर्थक के रूप में याद किया गया। श्री खरगे ने भारत की आज़ादी में उनके अमूल्य योगदान और मानव गरिमा तथा सद्भाव के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को स्मरण किया।
श्री खरगे ने यह भी बताया कि भारत रत्न से सम्मानित गफ्फार खान को स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अपने सिद्धांतों के लिए बार-बार कारावास झेलना पड़ा। उन्होंने पश्तून नेता के कांग्रेस के साथ लंबे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि वे कई वर्षों तक कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य रहे और संविधान सभा के लिए भी निर्वाचित हुए।
श्री खरगे ने श्रद्धांजलि देने के बाद कहा, "अहिंसा, सद्भाव और मानव गरिमा के प्रति उनकी दृढ़ निष्ठा आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करती है और हमें उन साझा मूल्यों की याद दिलाती है जो हम सभी को एक सूत्र में बांधते हैं।" महात्मा गांधी के करीबी सहयोगी खान अब्दुल गफ्फार खान को उत्तर-पश्चिम सीमांत प्रांत में अहिंसक प्रतिरोध आंदोलन को संगठित करने तथा अपने पूरे जीवन में सांप्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण राजनीतिक कार्रवाई की वकालत करने के लिए याद किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित