जयपुर , अप्रैल 21 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि यह बयान न केवल निंदनीय है, बल्कि कांग्रेस की घृणित और स्तरहीन राजनीतिक सोच का जीवंत उदाहरण है।

श्री राठौड़ ने मंगलवार को अपने बयान में कहा कि कांग्रेस नेतृत्व बार-बार अपनी हताशा और राजनीतिक दिवालियापन को छिपाने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यक्तिगत और अशोभनीय हमले करता रहा है। यह कोई एक-दो घटनाएं नहीं हैं बल्कि कांग्रेस की पूरी राजनीतिक संस्कृति ही अपशब्दों, अपमान और दुर्भावना पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि श्री खरगे के बोल से कांग्रेस की विषैली और अपमानजनक राजनीति फिर बेनकाब हुई हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता मणि शंकर अय्यर द्वारा प्रधानमंत्री के लिए "नीच" जैसे शब्दों का प्रयोग किया जाना हो, या कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा "मौत का सौदागर", राहुल गांधी द्वारा "गब्बर सिंह टैक्स" और "चौकीदार चोर है" जैसे नारों का इस्तेमाल करना, राहुल गांधी द्वारा "सभी चोरों का उपनाम मोदी क्यों है" वाला बयान जैसी टिप्पणियां, ये सभी उदाहरण कांग्रेस की गिरती हुई भाषा और मानसिकता को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा भी कई कांग्रेसी नेताओं ने बार-बार प्रधानमंत्री के प्रति अभद्र और असभ्य भाषा का इस्तेमाल किया है। श्री राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अब मुद्दों पर बात करने की क्षमता खो चुकी है, इसलिए वह गाली-गलौज और व्यक्तिगत अभ्रद भाषा के द्वारा हमलों की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की यह आदत देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को आहत करने वाली है और यह उनकी गहरी निराशा का संकेत है।

श्री राठौड़ ने दो टूक शब्दों में कहा कि भाजपा इस तरह की ओछी और नकारात्मक राजनीति को सिरे से खारिज करती है और जनता के विकास, सुशासन एवं राष्ट्रहित के एजेंडे पर अडिग है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित