श्री गंगानगर , मार्च 07 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के लालगढ़ जाटान थाना क्षेत्र में श्रीगंगानगर- सूरतगढ़ रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर शुक्रवार को देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक कार के टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गणेशगढ गांव के समीप, नायरा पेट्रोल पंप के पास ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। रात करीब साढ़े 10 बजे बीकानेर की ओर से श्रीगंगानगर आ रही कार खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। इससे कार में सवार मुकेश पारीक (42), मनोज (51), श्वेता (32) और भारती (45) घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि घायलों को आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस और अन्य वाहनों से राहगीरों ने श्रीगंगानगर के जिला अस्पताल पहुंचाया जहां मुकेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया हादसे के शिकार बीकानेर में गोपेश्वर बस्ती के एक ही परिवार के सदस्य और रिश्तेदार हैं। चारों पंजाब के फाजिल्का शहर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित