बैतूल , मार्च 05 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में एक निजी स्कूल परिसर में खड़ी स्कूल बस में अचानक आग लग गई।
कल देर रात काला पाठा क्षेत्र में हुए इस हादसे में देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी बस आग की चपेट में आकर खाक हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बस स्कूल परिसर में खड़ी थी, तभी देर रात उसमें आग भड़क उठी। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों और स्कूल के चौकीदार ने तत्काल नगर पालिका की फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
घटना के दौरान स्कूल परिसर में अन्य बसें भी खड़ी थीं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आग अन्य वाहनों तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस को खड़ा करने के बाद संभवतः कोई इलेक्ट्रिक स्विच चालू रह गया था। इससे बस में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। इस हादसे में लगभग 25 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित