रायसेन , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने पर एक युवक की मौत हो गई। घटना में ट्रॉली पर रेडियम पट्टी न होने के कारण हादसा होने की आशंका जताई गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एमपीईबी का आउटसोर्स कर्मचारी राजपाल पुत्र निर्भय पाल बेगमगंज से अपने गांव सुनेहरा जा रहा था। इसी दौरान ग्राम मड़िया निवाड़ी के पास सड़क किनारे खड़ी रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से वह पीछे से टकरा गया।
बताया गया है कि ट्रॉली के पीछे रेडियम पट्टी नहीं लगी होने के कारण वह अंधेरे में चालक को दिखाई नहीं दी, जिससे यह हादसा हो गया। टक्कर के बाद राजपाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
सूचना मिलने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है तथा संबंधित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित