मुंगेर , दिसंबर 28 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि खड़गपुर झील के विकास से जहां मुंगेर जिले को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, वहीं बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के अवसर भी सुजित होंगे। श्री चौधरी ने आज मुंगेर जिले के खड़गपुर झील में नौका विहार का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कहा खड़गपुर झील के विकास से जहां जिले को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी वहीं बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन और आर्थिक विकास के अवसर भी सुजित होंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व वालीराष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार इस दिशा में लगातार और योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है।

श्री चौधरी मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अनुमंडल अस्पताल हवेली खड़गपुर में विभिन्न चिकित्सीय सेवाओं का शुभारंभ किया तथा खड़गपुर झील के विकास कार्यों के लिए स्थल निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने 100 बेड वाले अनुमंडलीय अस्पताल में चिकित्सीय सेवाओं का शुभारंभ क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी।

श्री चौधरी ने इसके साथ ही हवेली खड़गपुर झील के पास किए गए सुंदरीकरण कार्यों का भी उद्घाटन किया। उन्होंने झील के समग्र विकास को लेकर अपर मुख्य सचिव, वन एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, पथ निर्माण विभाग, पर्यटन एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लघु सिंचाई विभाग और सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी योजना के अंतर्गत मुंगेर जिले की पांच प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों तारापुर, असरगंज, संग्रामपुर, टेटिया बंबर और हवेली खड़गपुरमें आधारभूत संरचना निर्माण का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसानों को बेहतर विपणन सुविधाएं मिलेंगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।

उपमुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि स्वास्थ्य, पर्यटन और कृषि से जुड़े इन विकास कार्यों से मुंगेर जिले को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित