रुद्रपुर , दिसंबर 14 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृहनगर खटीमा में पुलिस ने तुषार हत्याकांड के आरोपी को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है।
ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा ने इस मामले का खुलासा करते हुए रविवार को कहा कि आरोपी हाशिम निवासी चंदा मियां वाली गली वार्ड संख्या 10,0गोटिया, थाना खटीमा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी झनकट स्थित ईंट के भट्टे के पास छिपा हुआ था। आरोपी को सरेंडर के लिए कहा गया लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। बदले में पुलिस ने भी गोली चलाई और आरोपी के दायें पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर की रात को युवकों के दो ग्रुपों में पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा हुआ जिसमें आरोपी हाशिम और उसके साथियों ने तुषार और उसके दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया। तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उसके दो साथी भी इस घटना में घायल हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित