दोहा , जनवरी 20 -- कतर और सोमालिया ने सोमवार को दोहा में एक रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किये। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच सैन्य संबंधों और सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना है।
इस समझौते पर सोमालिया के रक्षा मंत्री अहमद मोअल्लिम फिकी और कतर के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मामलों के मंत्री शेख सऊद बिन अब्दुर्रहमान बिन हसन अल थानी ने हस्ताक्षर किया है।
रक्षा सहयोग समझौता सैन्य प्रशिक्षण, विशेषज्ञता के आदान-प्रदान, रक्षा क्षमताओं के विकास और उन्नत सुरक्षा सहयोग पर केंद्रित है, जो क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रयासों का समर्थन करता है।
इस समझौते पर हस्ताक्षर दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करता है और रक्षा, सुरक्षा और दीर्घकालिक सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ काम करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मंत्रियों ने दोहा अंतरराष्ट्रीय समुद्री रक्षा प्रदर्शनी और सम्मेलन (डीआईएमडीईएक्स 2026) के दौरान मुलाकात की।
हाल ही में, सोमाली सरकार ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ सभी समझौतों को समाप्त कर दिया था और अमीरात के राजनयिकों को निष्कासित करने का आदेश दिया है और यूएई सैन्य विमानों को सोमाली वायु क्षेत्र से बाहर कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित