नयी दिल्ली , जनवरी 17 -- भारतीय बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने चीनी ताइपे के लिन चुन-यी को कड़ी टक्कर दी, लेकिन निर्णायक क्षणों में पिछड़ते हुए तीन गेम के मुकाबले में हार गए। इसके साथ ही शुक्रवार को यहां इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित योनैक्स-सनराइज इंडिया ओपन 2026 में भारत की चुनौती समाप्त हो गई। यह टूर्नामेंट बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित एचएसबीसी बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सुपर 750 इवेंट है।
लक्ष्य सेन ने मुकाबले का पहला गेम जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन इसके बाद तेज हवा वाले कोर्ट साइड पर तालमेल बिठाने में दिक्कत झेलनी पड़ी और वे पुरुष एकल क्वार्टरफाइनल में 17-21, 21-13, 21-18 से मुकाबला हार गए।
मैच के बाद लक्ष्य सेन ने कहा, "यह बेहद करीबी मुकाबला था। तीसरा गेम दबाव भरा था। आज परिस्थितियों के हिसाब से वह बेहतर खेले। आज हवा का असर ज्यादा था, जिसके लिए मैं तैयार नहीं था। कल इतनी हवा नहीं थी और उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार बेहतर ढंग से खुद को ढाल लिया।"उन्होंने कहा, "नेट के पास मैं शटल उठाने में थोड़ा डगमगा गया और फ्रंट कोर्ट में मुझसे कई गलतियां हुईं।"क्वार्टर फाइनल से पहले आमने-सामने के रिकॉर्ड में लक्ष्य सेन लिन के खिलाफ 0-4 से पीछे थे और यह साफ था कि तेज़ रफ्तार बाएं हाथ के खिलाड़ी के खिलाफ उन्हें अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।
पहले गेम में लक्ष्य की रणनीति लिन को नेट के पास खेलने पर मजबूर करने की थी, क्योंकि ताइपे का खिलाड़ी तेज साइड से खेल रहा था। यह रणनीति कारगर साबित हुई और मध्यांतर के बाद लक्ष्य ने तेजी से अंक बटोरते हुए पहला गेम अपने नाम कर लिया।
हालांकि, कोर्ट बदलने के बाद लक्ष्य की लिफ्ट्स लंबी जाने लगीं, जिसका लिन ने भरपूर फायदा उठाया। छोटी लिफ्ट्स पर आक्रामक खेल दिखाते हुए लिन ने दूसरा गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
तीसरे और अंतिम गेम में लक्ष्य ने शुरुआती चार अंक जीतकर मजबूत शुरुआत की, लेकिन इसके बाद लिन ने खेल की रफ्तार धीमी कर दी और नेट पर दबदबा बनाते हुए स्कोर को बराबरी पर बनाए रखा। कोर्ट बदलने के बाद लिन ने लगातार छह अंक जीतकर 18-15 की बढ़त बना ली।
इसका बाद लक्ष्य सेन ने जुझारूपन दिखाते हुए स्कोर 18-18 से बराबर कर लिया, लेकिन इसके बाद लिन ने आक्रामक रणनीति अपनाते हुए मुकाबले को अपने नाम कर लिया। यह मैच कुल 1 घंटा 8 मिनट तक चला।
लिन चुन-यी अब सेमीफाइनल में 2025 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता कनाडा के विक्टर लाई से भिड़ेंगे, जिन्होंने चीनी ताइपे के ची यू जेन को 21-18, 17-21, 21-15 से हराया।
दूसरे सेमीफाइनल में सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू का सामना इंडोनेशिया के तीसरे वरीय खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी से होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित