नयी दिल्ली , दिसंबर 18 -- रेलवे ने क्रिसमस और नये साल के मौके पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाने का निर्णय लिया है, जिनकी 244 फेरियों के लिए अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।
रेलवे की ओर से गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि रेलवे ने क्रिसमस और नये साल के मौके पर भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विशेष रेलगाडियां आरंभ की हैं। आने वाले दिनों में अधिक फेरियों की जानकारी दी जाएगी।
रेलवे के अनुसार क्रिसमस और नव वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित रेलगाडियों में मध्य रेलवे (सीआर) 76, उत्तर रेलवे (एनआर) आठ, दक्षिण मध्य रेलवे ( एससीआर) 26 और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) ने 24 फेरियों के लिए अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) 28, उत्तर पश्चिम रेलवे (एनडब्ल्यूआर) 06, पश्चिम रेलवे (डब्ल्यूआर )72 और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने चार फेरियों के लिए अधिसूचना जारी की है।
रेलवे बताया है कि मुंबई-गोवा (कोंकण) गलियारे पर मुंबई सीएसएमटी/एलटीटी और करमाली/मडगांव के बीच दैनिक और साप्ताहिक विशेष रेलगाडियां चलाई जा रही हैं, जो मार्ग में आने वाले प्रमुख पड़ावों से होकर गुजरती हैं। इन रेलगाडि़यों में अतिरिक्त सीटें और स्लीपर विकल्प उपलब्ध हैं। इसी तरह, मुंबई-नागपुर, पुणे-सांगानेर और महाराष्ट्र के अन्य मार्गों पर विशेष रेल सेवाएं यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करके सुविधाजनक यात्रा प्रदान कर रही हैं। उत्तरी और पूर्वी भारत में दिल्ली, हावड़ा, लखनऊ और आसपास के शहरों को जोड़ने वाले व्यस्त गलियारों पर लंबी दूरी के यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए विशेष रेलगाडियां चलाई जा रही हैं।
इसके साथ ही दक्षिण और मध्य क्षेत्रों में हैदराबाद, बेंगलुरु, मंगलुरु और अन्य शहरों को जोड़ने वाली अतिरिक्त सेवाएं इस व्यस्त समय में यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित कर रही हैं। इनमें सीएसएमटी-करमाली, एलटीटी-तिरुवनंतपुरम, पुणे-सांगानेर और सीएसएमटी-नागपुर रेलगाडि़यां शामिल हैं, जिनमें से प्रत्येक भीड़ को देखते हुए कई फेरियां लगा रही हैं। रेलवे इन विशेष रेलगाडि़यों के साथ क्रिसमस और नव वर्ष के लिए यात्रियों को समुद्र तटों, शहरों और पर्यटन स्थलों की आरामदायक यात्रा की सुविधा प्रदान कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित