चंडीगढ़ , दिसंबर 23 -- क्रिसमस के उपलक्ष्य में ट्राईसिटी चर्चस् एसोसिएशन की ओर से शहर में भव्य नगर शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभा यात्रा रोमन कैथोलिक चर्च, चंडीगढ़-शिमला के बिशप सहाया टी. थॉमस तथा फादर प्रेमानंद की अगुवाई में निकाली गयी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ट्राईसिटी चर्चस् एसोसिएशन के अध्यक्ष लॉरेंस मलिक ने की। शोभा यात्रा सेक्टर-18 स्थित सीएनआई चर्च से आरंभ होकर सेक्टर 19/27, सेक्टर 20/30 लाइट प्वाइंट, सेक्टर 20 व 21 की मार्केट, अरोमा लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर 22/23, सेक्टर 24 की मार्केट से गुजरती हुई सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड में संपन्न हुई। विभिन्न सेक्टरों के निवासियों ने यात्रा का गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण स्वागत किया।
शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला के विभिन्न चर्चों द्वारा यीशु मसीह के जन्म और उनके संदेशों को दर्शाती झांकियां प्रस्तुत की गयीं। बच्चों ने शांति और प्रेम का संदेश देते हुए कैरोल गाये तथा लोगों को टॉफियां वितरित कीं।
इस अवसर पर ट्राईसिटी चर्चिस एसोसिएशन के अध्यक्ष लॉरेंस मलिक ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह शोभा यात्रा प्रेम, भाईचारे और शांति का प्रतीक है। उन्होंने यीशु मसीह के जीवन और बलिदान पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
बिशप सहाया टी. थॉमस ने अपने संबोधन में कहा कि यीशु मसीह ने समाज को प्रेम, करुणा और इंसानियत की शिक्षा दी। उन्होंने कहा कि यीशु ने अत्यंत नम्रता के साथ जीवन की शुरुआत की और मानवता की पीड़ा को समझते हुए सांसारिक सुखों का त्याग कर एक पवित्र मिशन अपनाया, जिससे विश्व में सकारात्मक परिवर्तन आया।
इस अवसर पर बिशप ब्रायन एंडरसन, फादर प्रेमानंद, पास्टर एलिशा मसीह, हिलरी विक्टर, ब्रो. यूनुस पीटर, पास्टर अजय दास, डॉ. इमैनुएल नाहर, पास्टर जगदीश सिंह, रेव. तनुज पाल मसीह, पास्टर राजेश बालू और बिशप रणदीप मैथ्यू सहित अनेक धर्मगुरु उपस्थित रहे।
शोभा यात्रा के स्वागत के लिए शहर की विभिन्न मार्केट एवं रेजिडेंशियल एसोसिएशनों द्वारा जलपान की व्यवस्था की गयी। सेक्टर-24 में समाजसेवी रविंद्रसिंह बिल्ला की ओर से चाय-ब्रेड पकौड़े का लंगर लगाया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक ग्रहण किया। इस दौरान रवींद्र सिंह बिल्ला ने शोभा यात्रा का नेतृत्व कर रहे बिशप्स और फादर्स को शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के अंत में सामुदायिक भोजन परोसा गया तथा सामूहिक प्रार्थना के साथ समारोह का समापन हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित