ग्वालियर , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में साइबर क्राइम विंग ने क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर 1 करोड़ 41 लाख रुपए की ठगी के मामले का पर्दाफाश करते हुए गाजियाबाद निवासी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जून 2025 में एक फैक्ट्री मालिक को क्रिप्टो ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर उक्त राशि की ठगी की गई थी। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देशन में लगातार जांच की जा रही थी, जिसमें पूर्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) सुमन गुर्जर के मार्गदर्शन में बैंक खातों की जांच के दौरान सामने आया कि ठगी की राशि में से 10 लाख 50 हजार रुपए 'महादेव फार्मा एंड सर्जिकल्स' के एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। तकनीकी विश्लेषण से खाते के संचालकों का पता गाजियाबाद का मिला।

सायबर क्राइम प्रभारी धर्मेंद्र कुशवाह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए सूचना के आधार पर आदित्य शर्मा और प्रियांशु शर्मा को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया, जब वे अग्रिम जमानत के लिए यहां आए हुए थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 59 हजार रुपए नगद बरामद किए हैं। न्यायालय ने दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित