मथुरा , फरवरी 2 -- पाकिस्तान द्वारा टी -20 क्रिकेट वल्र्ड कप में भारत के साथ मैच नहीं खेलने के फैंसले को कथावाचक देवकीनंदन महाराज ने सही बताते हुये इसे पाकिस्तान का डर करार दिया है ।

उन्होने कहा कि पाकिस्तान सरकार को भी पता है कि वल्र्ड कप में भारतीय क्रिकेट टीम के सामने उसकी क्रिकेट टीम का जीतना मुश्किल है । पाकिस्तान को हारना ही पड़ता, इस डर और शर्म से बचने के लिये अच्छा किया कि वह नहीं खेल रहा है ।

सोमवार को कोलकाता से कथा कहकर वृन्दावन लौटे देवकीनंदन महाराज ने कहा कि पाकिस्तान खुद को बांग्लादेश का हितेषी दिखाना चाहता है, जबकि वो किसी का हितैषी हो ही नहीं सकता। उन्होने कहा कि जिस तरह से हमारी भारतीय टीम क्रिकेट खेल रही है, उस हिसाब से लगता है कि मैच तो कोलम्बों में होता लेकिन पाकिस्तानी टीम को 'कैच' लाहोर में पकड़ने पड़ते ।

उन्होने कहा कि भारत जहां भी खेलेगा, जिसके साथ भी खेलेगा, अच्छा प्रदर्शन करेगा । हम अपने भारत के साथ हैं, भारत के शत्रुओं के साथ न थे, न रहेंगे । पाकिस्तान खेले तो, न खेले तो, भारतीय क्रिकेट पर कोई असर नहीं पड़ेगा ।

देवकीनंदन महाराज ने प्रियाकान्तजु मंदिर पर कहा कि क्रिकेट हो या युद्धक्षेत्र, हर बार पाकिस्तान की करारी हार ही होती है । इस बार क्रिकेट में उसने समझदारी से काम लिया है । पाकिस्तानी क्रिकेट टीम को पता है कि टी-20 वल्र्ड कप में भारत से जीतना नहीं हो पायेगा ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित