हवाना , दिसंबर 17 -- क्यूबा सरकार ने हाल ही में अमेरिका की वेनेजुएला पर लगायी गयी नौसैनिक नाकाबंदी का कड़ा विरोध किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों से बुधवार को यह जानकारी दी।

क्यूबा के राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल ने एक्स पर कहा , " राष्ट्रपति निकोलस मादुरो, बोलिवेरियन और चाविस्टा क्रांति और उसके लोकप्रिय-सैन्य संघ का क्यूबा दृढ़ता से समर्थन करता है।" एक अन्य पोस्ट में, क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिग्ज पैरिला ने वेनेजुएला सरकार के प्रति क्यूबा के अटूट समर्थन को दोहराते हुए अमेरिका द्वारा लगायी गयी नौसैनिक नाकाबंदी को अंतर्राष्ट्रीय कानून का एक गंभीर उल्लंघन और बोलिवेरियन सरकार के खिलाफ आक्रामकता में वृद्धि कहा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को इस नाकाबंदी में वेनेजुएला से आने-जाने वाले सभी प्रतिबंधित तेल टैंकरों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया है, जिससे वेनेजुएला की मादुरो सरकार को कमजोर करने के लिए महीनों से चलाया जा रहा दबाव अभियान और तेज हो गया है।

इसके जवाब में वेनेजुएला सरकार ने इस कदम की निंदा करते हुए एक औपचारिक बयान में इसे गंभीर एवं गैर जिम्मेदाराना खतरा कहा है जो अंतरराष्ट्रीय कानून, मुक्त व्यापार सिद्धांतों एवं नौवहन की स्वतंत्रता का उल्लंघन करता है। बयान में अमेरिका पर वेनेजुएला के तेल, भूमि एवं खनिज संसाधनों को अमेरिकी संपत्ति के रूप में दावा करने की कोशिश और देश को उसकी प्राकृतिक संपदा से वंचित करने के उद्देश्य से नौसैनिक नाकाबंदी थोपने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित