कौशांबी , मार्च 15 -- कौशांबी जिले की मंझनपुर कोतवाली पुलिस ने चकखुदायगंज गांव निवासी राममूरत विश्वकर्मा की हत्या का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि पिछली 12 मार्च को चकखुदायगंज निवासी राममूरत विश्वकर्मा की हत्या कर शव गांव के बाहर खेत में फेंक दिया गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हत्या के खुलासे के लिए पुलिस दलों का गठन किया गया। इसके बाद पुलिस ने दूरसंचार निगरानी, बंद परिपथ कैमरों तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर साक्ष्य जुटाए, जिससे रामदास पटेल निवासी दलौली, सोरांव (प्रयागराज), रामकिशोर प्रजापति निवासी सोनौली थाना पश्चिम शरीरा (कौशांबी) और मनमोहन सिंह निवासी पितांबरपुर थाना मंझनपुर (कौशांबी) के नाम प्रकाश में आए।

पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी रामदास ने बताया कि उसे संदेह था कि उसकी सरसों राममूरत विश्वकर्मा ने चोरी कर ली है। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना वाले दिन शाम को राममूरत उसके पास आया और सरसों चोरी की पुरानी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। क्रोध में आकर रामदास ने चूल्हे के गर्म तवे से राममूरत पर वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद उसने अपने दोनों साथियों की मदद से शव को गांव के बाहर ले जाकर खेत में फेंक दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित