कौशांबी , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में 15 अप्रैल को हाईवे किनारे बॉक्स में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी को पुलिस ने सोमवार को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार 15 अप्रैल की रात ग्रामीणों की सूचना पर कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कल्यानपुर गांव के पास एक बॉक्स में लगभग 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया था।

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 27 अप्रैल को चेकिंग के दौरान खोजवापुर गांव के पास एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान हर्ष खिसियानी उर्फ बिट्टू निवासी दबौली उद्योग नगर थाना गोविंद नगर, कानपुर तथा यश गुप्ता निवासी यशोदा नगर, कानपुर के रूप में हुई।

कड़ाई से पूछताछ में हर्ष खिसियानी ने बताया कि मृतका मोनी वर्मा (30) उसकी दूसरी पत्नी थी, जिससे उसने मंदिर में शादी की थी। वह घर से बाहर किराये के कमरे में मोनी के साथ रह रहा था। शादी के कुछ समय बाद मोनी घर में साथ रहने की जिद करने लगी। हर्ष ने बताया कि यदि वह उसे घर ले जाता तो पहली पत्नी से विवाद होता, इसी कारण उसने 15 अप्रैल को कमरे के अंदर मोनी के स्टॉल से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित