कौशांबी , मार्च 7 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के चिटकना गांव में नाली के विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि पुलिस द्वारा एक व्यक्ति की पिटाई किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने मूरतगंज पुलिस चौकी पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। सूत्रों के अनुसार चिटकना गांव में जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा था। इसका गांव के राजू और वलालती देवी पक्ष के लोग विरोध कर रहे थे, जिसे लेकर दूसरे पक्ष के आदित्य और उसके समर्थक आमने-सामने आ गए। विवाद की सूचना मिलने पर शुक्रवार शाम मूरतगंज पुलिस चौकी प्रभारी कालका प्रसाद पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मामले की जानकारी लेने लगे। आरोप है कि इसी दौरान चौकी प्रभारी ने गांव के गामा नामक व्यक्ति के साथ मारपीट कर दी।

इससे आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार रात मूरतगंज पुलिस चौकी पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित