कौशांबी , मार्च 5 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के महेवा घाट थाना क्षेत्र के लौगांवा गांव में बुधवार रात होली हुड़दंग में कट्टा लहराते हुए दहशत पैदा करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया जिसके बचाव में आए ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ बदसलूकी की। पुलिस टीम की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंचकर चार हुड़दंगियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने 29 व्यक्तियों के विरुद्ध नामजद और 25 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लिया। थाना अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने गुरुवार को बताया कि हिनौता पुलिस चौकी में पुलिस को सूचना मिली कि लौंगांवा गांव में नशे की हालत में एक व्यक्ति कट्टा लहरा कर गांव में दहशत पैदा कर रहा है।
इस सूचना पर चौकी इंचार्ज रामपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और आरोपी व्यक्ति को कट्टा सहित पकड़ लिया जिसे लेकर उसके समर्थन में गांव के लोग आ गए और पुलिस टीम के साथ बदसलूकी करते हुए उनकी वर्दी फाड़ दिया। मौके की नजाकत देखकर चौकी इंचार्ज ने थाना अध्यक्ष को स्थिति से अवगत कराया जिस पर भारी संख्या में पुलिस मौके में पहुंची गई।
पुलिस को देखकर शरारती तत्व भागने लगे। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात पुलिस ने अमरनाथ मिश्रा समेत 29 लोगों के विरुद्ध नामजद व 25 अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित