कौशांबी , मार्च 29 -- उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के महेवा घाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में शनिवार देर शाम संपत्ति बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि अजरौली गांव निवासी नथन सरोज ने दो शादी की थी। पहली पत्नी कलुटिया से दो पुत्र झुरई, लवलेश और दूसरी पत्नी सावित्री से एक लड़का राहुल है। नथन सरोज एक तिहाई संपत्ति दूसरी पत्नी के पुत्र राहुल को देना चाहता था जिसका झुरई व उसका भाई लवलेश विरोध करते थे। शनिवार को इसी विवाद के चलते झुरई व लवलेश ने कुल्हाड़ी से प्रहार कर अपने पिता नथन सरोज (60) की हत्या कर दी और शव खेत में फेंक कर फरार हो गए।

इस मामले में पुलिस आरोपी झुरई व उसके भाई लवलेश के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्तों की तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित